पेट्रोल-डीजल संकट के बीच पत्रकारों के लिए अलग व्यवस्था की मांग, प्रेस क्लब ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में पेट्रोल और डीजल के लिए पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों ने आम लोगों के साथ-साथ मीडिया कर्मियों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं। समाचार संकलन और ग्राउंड कवरेज में आ रही दिक्कतों को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को एसडीएम मनीष साहू को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के लिए विशेष व्यवस्था की मांग की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट की स्थिति बन रही है। ईंधन की संभावित कमी की आशंका के चलते शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पत्रकारों को समाचार कवरेज के लिए दिन-रात शहर के विभिन्न हिस्सों में तत्काल पहुंचना पड़ता है। लेकिन पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के कारण मीडिया कर्मियों को समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है, जिससे कई महत्वपूर्ण घटनाओं और समाचारों का कवरेज प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारिता एक आवश्यक सेवा है और संकट की घड़ी में जनता तक सही एवं प्रामाणिक जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी मीडिया की होती है। ऐसे समय में पत्रकारों को निर्बाध रूप से अपना कार्य करने के लिए प्रशासन की ओर से सहयोग मिलना आवश्यक है।

प्रेस क्लब ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर पत्रकारों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की जाए अथवा प्रेस कार्ड के आधार पर मीडिया कर्मियों को प्राथमिकता से तत्काल पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जाए।

इस दौरान प्रेस क्लब उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष वैद्य तिलकराज सलूजा, वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, दिलीप अग्रवाल, जफर आगा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post